Headlines

Restaurants

Fashion

जी टीवी का नया सीरियल 'महारक्षक आर्यन' : एक आम लड़के से सुपर हीरो बनने का शानदार सफर

चंडीगढ़(प्रैसवार्ता)। वह एक सीधा-सादा लड़का है जिसे नहीं पता कि तकदीर में उसके लिए कुछ बहुत खास योजना बना रखी है। जी टीवी की ताजा वीकेंड प्रस्तुति 'महारक्षक आर्यन' नई पीढ़ी की दिलचस्प कहानी है, जो आपको कल्पनाओं की गहराइयों में ले जाएगा। इसमें एक हीरो अपने सबसे खौफनाक डर का सामना करेगा, अपनी किस्मत खुद लिखेगा और एक विजेता बनकर उभरेगा। इस सीरीज के साथ ज़ी टीवी अपनी ओरिजिनल प्रोग्रामिंग को और मजबूत कर रहा है। आर्यन आपको एक्शन और ड्रामा के सही मिक्स के साथ घंटे भर का मनोरंजन देगा। आपके टीवी स्क्रीन पर यह सीरीज 1 नवंबर से हर शनिवार और रविवार शाम 7 बजे शुरू हो रही है।
आर्यन जी टीवी की सुपर हीरो ट्रायलॉजी (तिकड़ी) 'महारक्षक' की पहली कड़ी होगा, जिसमें बुराई पर अच्छाई की जीत दिखाई जाएगी। जहां आर्यन अच्छाई का प्रतीक है, वहीं त्रिलोकी बुराई को दर्शाता है। नवोदित कलाकार आकर्षण सिंह आर्यन के रोल में हैं, वहीं त्रिलोकी का शैतानी किरदार प्रतिभाशाली विक्रमजीत विर्क निभा रहे हैं जिन्हें टेलीविजन पर महमूद गजनवी के रूप में जाना जाता है। त्रिलोकी पृथ्वी की अनेक परतों के बीच कहीं फंसा हुआ है। वह पिघलते लावा से घिरा हुआ है और दोबारा शक्ति हासिल करके सारी दुनिया पर राज करना चाहता है। हालांकि वह ऐसा तभी कर सकता है जब वह उस मणि पर कब्जा कर ले जो दुनिया की सारी ऊर्जा का स्रोत है। वह यह मणि लाने के लिए अपने तीन सुपर विलेन्स - विषकन्या, छल्ला और कुंभ को भेजता है।
इस शो में विषकन्या का रोल निभा रही हैं खूबसूरत रेशमी घोष। रेशमी इसमें मादक और विष से भरी खलनायिका के रूप में नजर आएंगी। विषकन्या अपने सहयोगियों के साथ एक हरी और घनी दुनिया में रहती है। उसे महाशैतान त्रिलोकी ने महारक्षक आर्यन का मुकाबला करने के लिए पृथ्वी पर भेजा है।
शो में अपने किरदार के बारे में चर्चा करने चंडीगढ़ पहुंची रेशमी ने कहा, ''मैं ज़ी टीवी की आगामी सुपर हीरो सीरीज महारक्षक आर्यन में विषकन्या की भूमिका निभाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं। जैसा कि इस नाम है, मेरा किरदार घातक के साथ-साथ मादक भी होगा। यह आधी इंसान और आधी नागिन है। इसका लुक और परिधान शानदार हैं। उसे वरदान मिला है कि वह किसी को भी धोखा देने के लिए कोई भी रूप धर सकती है। वह किसी भी इंसान के जिस्म पर सांपों को छोड़कर उसे भी सांप बना सकती है। वह पृथ्वी पर अशांति और विनाश फैलाने आई है। उम्मीद है दर्शक मेरे इस रोल को पसंद करेंगे और इस शो को सहयोग करेंगे।"
सांवरिया, ब्लैक जैसी फिल्मों के आर्ट डायरेक्टर और मेरी कोम के डायरेक्टर ओमंग कुमार इस शो का प्रोडक्शन डिजाइन कर रहे हैं और लोकप्रिय विजुअल इफेक्ट डिजाइनर हार्दिक गज्जा इसका ग्राफिक्स डिजाइन कर रहे हैं। माजिद खान शो के क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं। इन सभी विशेषज्ञों के साथ ज़ी टीवी ने महारक्षक आर्यन में एक अनूठा परिवेश तैयार किया है, जिसमें अच्छाई और बुराई की जंग के लिए सबसे आकर्षक युद्धक्षेत्र बनाया गया है।
जी टीवी के प्रोग्रामिंग हेड नमित शर्मा ने कहा, महारक्षक आर्यन हमारे अनेक महत्वाकांक्षी प्रोजक्ट्स में से एक है। इससे हम फिक्शन थ्रिलर के जॉनर में एक नया मुकाम स्थापित करना चाहते हैं। यह शो वर्तमान में दिखाई जा रही सामग्री से बिल्कुल अलग होगा। सुपर हीरो सीरीज में दर्शकों को कल्पनाओं की दुनिया में ले जाने की अद्भुत क्षमता होती है। यह शो एक साधारण से किशोर का खुद में एक सुपरहीरो की खोज करने का सफर है। उसकी उम्र के बाकी लड़कों की तरह उसकी दुनिया भी उसके दोस्तों, सपनों, प्रेमिका, परिवार और करियर की महत्वाकांक्षाओं से घिरी है। लेकिन आर्यन को यह नहीं पता होता है कि बहुत जल्द उसका सामना एक शैतान से होने वाला है। दरअसल, यह खुद में एक सच्चे हीरो को खोजने की कहानी है। इस सीमित सीरीज में आर्यन को हर हफ्ते एक नए विलेन का मुकाबला करते हुए देखिए, शुरू हो रहा है इस शनिवार 1 नवंबर से, हर शनिवार और रविवार शाम 7 बजे सिर्फ ज़ी टीवी पर।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes