Headlines

Restaurants

Fashion

छठ पूजा समारोह की तैयारियां जोरों पर, छठ पूजा से पहले हुई नहर की सफाई

सिरसा(प्रैसवार्ता)। जय माँ सरस्वती सेवा समिति (रजि.) द्वारा हर वर्ष की भांति इस बार भी 26 अक्तूबर को विशाल छठ पूजन समारोह, हिसार रोड, दिल्ली पुल नहर, सिरसा पर  धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर नगर परिषद के वाइस चेयरमैन स. रणधीर सिंह उपस्थित होंगे, जबकि डीडीपीओ रवि कुमार व हिसार एफसीआई के सहायक महाप्रबंधक अनुज कुमार विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जय माँ सरस्वती सेवा समिति के संरक्षक दयानंद शर्मा करेंगे। समिति पदाधिकारियों व सदस्यों द्वारा छठ पूजन समारोह की तैयारियों जोरों-शोरों से की जा रही हैं। छठ पूजन समारोह से पूर्व समिति पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्वच्छता अभियान के तहत दिल्ली पुल नहर पर सफाई अभियान चलाया।  इस संबंध में जानकारी देते हुए जय माँ सरस्वती सेवा समिति के प्रवक्ता परसराम यादव ने बताया कि प्रात: 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस सफाई अभियान के दौरान समिति सदस्यों ने नहर के आस-पास उगी झाडिय़ों व घासफूस को हटाया तथा नहर के भीतर जमा गंदगी को भी बाहर निकाला। समिति सदस्यों ने बड़े उत्साह के साथ इस कार्य में भाग लिया। इस दौरान नहर में से तीन ट्राली गंदगी बाहर निकाली गई, ताकि छठ पूजन समारोह में भाग लेने आने वाले श्रद्धालुओं को साफ-सुथरे वातावरण व जल में पूजन का अवसर मिले।  कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए परसराम यादव ने बताया कि छठ पूजन महोत्सव में 24 अक्तूबर को नहाय खाय, 25 अक्तूबर को खरना, 26 अक्तूबर को संध्यार्ग व सायं 4 बजे से माता का भजन-गायन होगा। भजन गायन कार्यक्रम में कलाकार मुजफ्फरपुर बिहार से संगीता रानी तथा बेगूसराय बिहार से अशोक अलबेला माँ के भजनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं व व्रतधारियों की सुविधा के लिए नहर के ऊपर अधिक से अधिक पूल का निर्माण किया जाएगा तथा सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि किसी भी पर्ववर्ती को किसी भी तरह की कोई तकलीफ न हो। वहीं समिति पदाधिकारियों व सदस्यों ने नहर प्रशासन व जिला प्रशासन से निवेदन किया है कि 23 अक्तूबर से 27 अक्तूबर तक नहर में पूरा-पूरा पानी छोड़ा जाए ताकि प्रशासन भी इस पर्व में पूण्य का भागी बने। नहर पर चलाए गए सफाई अभियान में जय माँ सरस्वती सेवा समिति के संस्थापक मुन्ना गुप्ता, प्रधान रामशरण, सचिव परशुराम यादव, कोषाध्यक्ष महेन्द्र कुमार, सलाहकार उमेश चन्द्र शुक्ला, प्रवक्ता राजकुमार प्रसाद, निरंजन यादव, राजकुमार पासवान, बसंत यादव, देवेन्द्र कुमार, कृष्ण यादव, चन्द्रदेव यादव, शंभू कायत, प्रमोददास, उदय दास एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्यों ने बढ़चढ़कर भाग लिया।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes