Headlines

Restaurants

Fashion

संत दादूवाल बोले : दिल्ली या चंडीगढ़ से नहीं, डेरा सच्चा सौदा से चलती है भाजपा की सरकार

सिरसा(प्रैसवार्ता)। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख को विदेश जाने की अनुमति पर तीखी प्रतिक्रिया करते हुए पंथक सेवा लहर के प्रमुख संत बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ अनेक संगीन मामले विभिन्न विभिन्न अदालतों में चल रहे हो, उसे विदेश जाने की अनुमति संकेत देती है कि सरकार डेरा सच्चा सौदा के प्रभाव में है। डेरा प्रमुख पर धारा 107/151 भी लगी हुई है, जिसके चलते पासपोर्ट बन नहीं सकता। संत दादूवाल सोमवार को  दसवीं पातशाही गुरूद्वारा में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। संत दादूवाल ने पत्रकारों से कहा कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख को विदेश जाने की जो अनुमति मिली है, वह गलत है, क्योंकि डेरा मुखी का पासपोर्ट अदालत में जमा था, जिसकी सीमा खत्म हो गई थी। जिसने विदेश जाने के लिए नया पासपोर्ट बनवाकर वीजा प्राप्ति करने के लिए झूठे व फर्जी तथ्य उपलब्ध करवाए है। संत दादूवाल ने कहा कि पासपोर्ट बनवाने से पूर्व कानूनी प्रक्रिया के चलते पासपोर्ट बनवाने वाले की पुलिस वैरीफिकेशन होती है, जिसमें सभी अपराधों का विवरण देखा जाता है। दिलचस्प तथ्य यह है कि अनेक संगीन आरोपों में घिरे डेरा मुखी की पुलिस वैरीफिकेशन के चलते पासपोर्ट कैसे बन गया, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका व्यक्त की, कि डेरामुखी विदेश में घूमने के लिए गए है, जहां वे स्टे लेकर स्थायी डेरा भी जमा सकते है। इसके लिए कौन जिम्मेवार होगा। संत दादूवाल ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि वह दिल्ली या चंडीगढ़ को छोड़कर सिरसा के डेरा सच्चा सौदा में ही अपना आसन बना लें, क्योंकि सरकार डेरा से ही चलनी है। डेरामुखी को वीवीआईपी की सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी इस बात का संकेत देता है कि केंद्र तथा प्रदेश की सरकार डेरे के आगे एक पंगू बनकर रह गई है, जिसका फायदा डेरामुखी उठा रहे है, इसलिए भाजपा सरकार को बाबा की सरकार कहना गलत नहीं होगा।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes