Headlines

Restaurants

Fashion

खंड टोहाना व जाखल की महिलाओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं 29 को कुलां में

टोहाना(नवल सिंह)। उपमण्डल टोहाना की महिलाओं के लिए 29 नवंबर को कुलां के पंचायत स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभाग की अतिरिक्त निदेशक शशि दुहन मुख्य अतिथि होंगी जबकि परियोजना अधिकारी आशा सेतिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। जाखल की सीडीपीओ उषा मुआल ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी महिलाओं के लिए 29 नवंबर को कुलां के पंचायत स्टेडियम में विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सुबह 10 बजे से शुरू किया जाएगा। इस दौरान टोहाना व जाखल खंडों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा पुरस्कार भी अलग-अलग प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए आलू रेस, मटका रेस, 18 से 30 वर्ष तक की आयु की लड़कियों व महिलाओं के लिए 100 मीटर दौड़, 300 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ तथा 5 किलोमीटर साइकिल रेस का आयोजन किया जाएगा। साइकिल प्रतियोगिता में शामिल होने वाली महिलाएं अपनी साइकिल साथ लेकर आएंगी। खंड स्तर की विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को विभाग द्वारा क्रमश: 500, 300 व 200 रुपये का इनाम प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक महिलाएं अपनी नजदीकी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से मिलकर अधिक जानकारी ले सकती हैं और अपना विवरण भी उसे दे सकती हैं। 

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes