सिरसा(प्रैसवार्ता)। समाज में एड्स के प्रति जागरूकता लाने के लिए हम सभी को मिलकर एक अभियान चलाना होगा तभी यह संभव हो पाएगा तथा जब लोग जागरूक होंगे तभी यह बुराई मिटाई जा सकती है। इसी तर्ज पर आज विश्व एड्स दिवस के मौके पर जेसीडी विद्यापीठ में स्थापित विभिन्न कॉलेजों ने विश्व एड्स दिवस मनाने के लिए जागरूकता रैली निकालकर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। इस मौके पर जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब के विद्यार्थियों ने संस्थान में एक रैली निकाली, जिसे कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश व जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने संबोधन में डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि एड्स एक ऐसी भयानक बीमारी है, जिसके कारण व्यक्ति न तो जीवित रहता है और न ही मरता है, इसलिए इसके बारे में सम्पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाना सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है तथा इसके प्रति जागरूक रहकर ही इससे बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि एड्स का अर्थ अर्जित रोधन अभाव संलक्षण 'एक्वायरड इम्यूनी डेफेस्यंसी सिंड्रोम' है तथा एचआईवी वायरस की वजह से होता है, जिसका काम मानव की रोधनक्षमता को कमजोर करना होता है, जिसके कारण मनुष्य छूत तथा संक्रामक रोगों से बच नहीं सकता है। डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि यह वायरस काफी खतरनाक होता है तथा यह असुरक्षित यौन सम्बन्ध, एचआईवी संक्रमित रोगी का रक्त से, संक्रमित इंजैकशन की सूई से तथा एक संक्रमित मां से उसके होने वाले बच्चे को भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसका बचाव केवल जागरूकता तथा सावधानी ही है तथा लोगों को इसके प्रति फैली अनेक भ्रांतियों से बचते हुए पूर्ण जानकारी हासिल करनी चाहिए। इस मौके पर जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब के इंचार्ज डॉ. रमेश शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा समय-समय पर ऐसी जागरूकता रैलियों का आयोजन करवाया जाता है ताकि ऐसी खतरनाक बीमारियों से आम जनता को जागरूक करके बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक व नैतिक नागरिक बनाना है। इस अवसर पर जेसीडी विद्यापीठ के अन्य कॉलेजों के अधिकारीगण, कॉलेज का स्टाफ तथा सभी विद्यार्थीगणों ने भी इस जागरूकता रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Home > NorthIndiaNews > जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने निकाली एड्स जागरूकता रैली
जेसीडी शिक्षण महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने निकाली एड्स जागरूकता रैली
By Pressvarta • 6:37:00 PM • NorthIndiaNews • Comments : 0
Subscribe to:
Post Comments
(
Atom
)
Post a Comment