Headlines

Restaurants

Fashion

'आप' को छप्पर फाड़ कर मिलीं सीटें

नई दिल्ली। दिल्ली की जनता ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल को मौका दिया है। अब तक आए रुझानों और नतीजों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी को 66 सीटों पर जीत मिलती दिखाई दे रही है। बीजेपी की खराब हालत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी को हार का सामना करना पड़ा है। बीजेपी सिर्फ 3 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस पूरी तरह साफ हो चुकी है। 1 सीट पर आईएनएलडी का उम्मीदवार आगे चल रहा है।  अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को शानदार जीत दिलाने के लिए दिल्ली की जनता का आभार जताया है। बताया जा रहा है कि वह 14 या 15 फरवरी को शपथ ले सकते हैं। बीजेपी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी ने पार्टी की हार स्वीकार हुए आम आदमी पार्टी चीफ अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। इस बीच दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आम आदमी पार्टी की बात करें तो नई दिल्ली से अरविंद केजरीवाल, चांदनी चौक से अल्का लांबा, करोल बाग से विशेष रवि, छतरपुर से करतार सिंह तंवर, आंबेडकर नगर से अजय दत्त, मॉडल टाउन से अखिलेश त्रिपाठी, कालका जी से अवतार सिंह और शकूर बस्ती से सत्येंद्र जैन ने जीत हासिल की है। आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार योगानंद शास्त्री से आगे चल रहे हैं। पूर्वी दिल्ली सीट पर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया भी बीजेपी के विनोद कुमार बिन्नी पर बढ़त बनाए हुए हैं। पूर्व मंत्री राखी बिडलान मंगोलपुरी सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राज कुमार चौहान से आगे चल रही हैं। आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी को हरा दिया है।  बीजेपी को सिर्फ 4 ही सीटों पर बढ़त मिली हुई है। पार्टी की सीएम कैंडिडेट किरन बेदी को कृष्णानगर सीट पर आम आदमी पार्टी के एस.के. बग्गा से हार का सामना करना पड़ा है। जनकपुरी सीट पर बीजेपी के सीनियर नेता जगदीश मुखी को भी हार का सामना करना पड़ा है। सभी सीटों के नतीजे कुछ घंटों में आ जाने की उम्मीद है।  केजरीवाल 15 को ले सकते हैं शपथ पार्टी सूत्रों का कहना है कि केजरीवाल 14 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हालांकि कुछ नेताओं का कहना है कि केजरीवाल 15 फरवरी को शपथ ले सकते हैं। इस बार केजरीवाल कहां शपथ लेंगे, इस पर संशय बरकरार है। पिछली बार केजरीवाल ने रामलीला मैदान में शपथ ली थी, लेकिन इस बार शपथ ग्रहण समारोह में भारी भीड़ जुटने की संभावना है कि क्योंकि पिछली बार की तुलना में इस पार्टी को भारी जीत मिली है। 

किरन ने दी केजरीवाल को बधाई
                            बीजेपी की सीएम कैंडिडेट रही किरन बेदी ने अरविंद केजरीवाल को ट्विटर पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, 'अरविंद को पूरे नंबर मिलते हैं। अब दिल्ली को उन ऊंचाइयों पर ले जाओ, जिसकी यह हरदार है। इसे वर्ल्ड क्लास सिटी बनाओ।'

माकन और लवली ने दिया इस्तीफा
               अब तक आ रहे रुझानों में कांग्रेस को एक भी सीट मिलती नहीं दिख रही। इस करारी हार के बीच कांग्रेस की कैंपेन कमिटी के चीफ अजय माकन ने महासचिव पद से और दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

'आप' के ऑफिस में जश्न
                      अब तक आए रुझानों में 'आप' को बडी बढ़त मिलने के रुझानों के बीच पार्टी समर्थक उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाते दिख रहे हैं और 'पांच साल केजरीवाल' के नारे लगा रहे हैं। यह चुनाव प्रचार में 'आप' का मुख्य नारा था। पार्टी के ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं और मिठाइयां बांट रहे हैं।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes