Headlines

Restaurants

Fashion

मनोरंजन के साथ दिया जननी-शिशु सुरक्षा का संदेश

प्रैसवार्ता न्यूज : गोरीवाला(हेमराज बिरट)। गांव बिज्जूवाली के बस स्टैंड पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जननी-शिशु सुरक्षा के बारे में जागरूकता अभियान चलाया गया। उपस्वास्थ्य केन्द्र बिज्जूवाली की एएनएम विनय कुमारी ने बताया कि विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत ग्रामीणों को नुक्कड़ से कन्या भु्रण हत्या, परिवार कल्याण व अन्य कई प्रकार की जानकारी के बारे विस्तार से बताया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु देखभाल के दिशा में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के चलते स्वास्थ्य मानदण्डों में हरियाणा में काफी सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अन्तर्गत गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव, सिजेरियन ऑपरेशन द्वारा प्रसव, दवाईयां व अन्य उपयोग में आने वाली सामग्री, लैब जांच सुविधाएं, गर्म भोजन, रक्त सुविधा व परिवहन की सुविधाएं नि:शुल्क प्रदान की जा रही है। यह सभी सेवाएं यूजर चार्जेज मुक्त होगी। इसके अतिरिक्त बीमार नवजात शिशुओं के लिये (30 दिवस तक) ईलाज, दवाइयां व अन्य उपयोग में आने वाली सामग्री, लैब जांच सुविधा, रक्त सुविधा एवं परिवहन सुविधाएं नि:शुल्क है। उन्होंने बताया कि यह वाहन सुविधा 102 नि:शुल्क नंबर पर उपलब्ध है और इस नंबर पर डायल करके कोई भी इस सुविधा का लाभ उठा सकता है। इस दौरान कर्मजीत एंड पार्टी के कलाकार सीमा रानी, सोनिया, गुरनाम, राजेश व सत्यवान ने जानकारी के साथ-साथ ग्रामीणों का मनोरंजन किया। इस मौके पर उपस्वास्थ्य केन्द्र बिज्जूवाली की एएनएम विनय कुमारी, आर.सी.एच. परमजीत कौर, एल.एच.वी. नीलम रानी, आशावर्कर वीना रानी, राजरानी, देवकीनंदन, देशराज नम्बरदार, रामप्रताप व बृजलाल सहित अनेक ग्रामीण मौजूद थे।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes