Headlines

Restaurants

Fashion

हाईकोर्ट ने डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इन्सां को दिया झटका

सिरसा(प्रैसवार्ता)।  साध्वी यौन शोषण मामले में लगातार पेशियां भुगत रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इन्सां ने बुधवार दोपहर बाद पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हाजिरी लगाई। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बुधवार दोपहर सवा एक बजे अदालत में पहुंचे। तय समय पर अदालत की कार्रवाई शुरू हुई जो कि सवा पांच बजे तक जारी रही। डेरा प्रमुख के वकीलों की ओर से अब सीबीआई में जारी अंतिम बहस की कार्रवाई पूर्ण की जा रही है, जो पूरी न होने के चलते अदालत ने डेरा प्रमुख को कल गुरूवार पुन: पेश होने के आदेश जारी किए हैं। पेशी के मद्देनजर जहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए वहीं डेरा प्रबंधन द्वारा भी भारी भीड़ अदालत परिसर के आस-पास जुटाई गई। 

हाईकोर्ट ने डेरा प्रमुुख की याचिकाओं को किया खारिज
अपनी साध्वियों से यौन शोषण करने के आरोप में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम इन्सां पर अदालत में अंतिम बहस जारी है। आरोपी डेरा प्रमुख के वकीलों की ओर से हाईकोर्ट में इसको लेकर तीन अलग-अलग याचिकाएं दायर की हुई थीं। याचिकाओं में गुहार लगाई गई थी कि सीबीआई अदालत द्वारा आरोपी पक्ष को और गवाहियां न करने देने के फैसले को बदला जाए। इसी के साथ अदालत में गुरमीत राम रहीम इन्सां के खिलाफ गवाही देने वाली साध्वियों की हस्तलिपि की फोरेंसिक जांच करवाई जाए ताकि तत्कालीन प्रधानमंत्री को पत्र लिखने वाली साध्वियों के बारे में पुख्ता जानकारी हो सके। इसके अलावा एक अन्य याचिका पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में डेरा प्रमुख की ओर से लगाई गई थी। तीनों याचिकाओं को स्वीकार करते हुए अदालत ने इस पर दोनों पक्षों की बहस सुनकर फैसला बुधवार के लिए सुरक्षित रखा था। बुधवार को अदालत ने फैसला सुनाते हुए डेरा प्रमुख को झटका दिया। अदालत ने तीनों याचिकाओं को खारिज कर दिया और इसी के साथ निचली अदालत में चल रही कार्रवाई को तर्कसंगत ठहराया।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes