Headlines

Restaurants

Fashion

पुलिस लाइन में 8 करोड़ की लागत से बनने वाले क्वार्टरों का निर्माण कार्य शुरू

पुलिस जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता: पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता

सिरसा(प्रैसवार्ता)। हरियाणा पुलिस आवास निगम द्वारा पुलिस लाइन सिरसा में जवानों के लिए बनने वाले 72 क्वार्टरों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका हैं। करीब एक साल में इन क्वार्टरों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। उसके बाद जवानों को क्वार्टर सुपुर्द कर दिए जाएंगे। पुलिस लाइन में बनने जा रही तीन मंजिला क्वार्टरों के आगे विशेष तौर पर पार्किंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि 72 नए क्वार्टर बनने के बाद आवास से वंचित जवानों को रहन-सहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि पुलिस जवानों को किसी भी प्रकार की आवासीय सुविधा में कोई कमी न रहें। एसपी ने बताया कि रहन सहन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होने पर पुलिस जवान तनाव मुक्त होकर अपनी ड्यूटी का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे। उन्होंने बताया कि जवानो के लिए पुलिस लाइन में अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजे हुए है। यहां बता दें कि करीब 8 माह पूर्व हरियाणा पुलिस आवास निगम के एमडी एवं पुलिस महानिदेशक बी एस संधू  जब सिरसा दौरे पर आए थे, तो उन्होंने यहां के पुलिस अधिकारियों की डिमांड के अनुसार पुलिस लाइन में नए क्वार्टरों के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की थी। पुलिस लाइन में बनने वाले कुल 72 नए क्वार्टरों में से 12 एएसआई से इंस्पैक्टर रैंक के कर्मियों के लिए, जबकि 60 क्वार्टर हवलदार और सिपाहियों के लिए होंगें। फिलहाल पुलिस लाइन में 326 क्वार्टर है। जबकि जिले में जवानों की संख्या 1500 के आस पास है। हरियाणा पुलिस आवास निगम के एसडीओ कपिल ने बताया कि पुलिस लाइन में चल रहे निर्माण कार्य पर करीब 8 करोड़ 80 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे।

सदर थाना व महिला थाना भी बनेगा पुलिस लाइन में
    हरियाणा पुलिस आवास के एसडीओ कपिल ने बताया कि एफ ब्लॉक में स्थित महिला थाना को भी पुलिस विभाग शिफ्ट करेगा। इसके लिए पुलिस लाइन में ही जगह का चयन किया गया है। इसकी मंजूरी पुलिस हाउस कॉर्पोरेशन विभाग को एसपी ने भेजी भी है। इसके अतिरिक्त पुराने डीसी आवास में चल रहे सदर थाना को भी पुलिस लाइन में शिफ्ट किया जाएगा। एसडीओ ने बताया कि इसके अलावा पुलिस लाइन में महकमे के वाहन खड़े करने के लिए एक गैरिज का निर्माण भी करवाया जाएगा।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes