Headlines

Restaurants

Fashion

सुनियोजित षडयंत्र के तहत हुई थी दयाल सिंह की हत्या: गुरमुख सिंह

सिरसा(प्रैसवार्ता)।  विगत 4 जुलाई 2016 को जीवननगर में हुई दयाल सिंह हत्या प्रकरण को लेकर मृतक का परिवार शनिवार सुबह एक निजी होटल में पत्रकारों से रूबरू हुआ और कुछ अहम् दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखी। मृतक के भाई गुरमुख सिंह ने कहा कि जीवननगर निवासी दयाल सिंह पुत्र दीदार सिंह की एक सुनियोजित षडयंत्र के तहत हत्या की गई है। इस हत्या को लेकर दयाल सिंह के परिजनों द्वारा सरकार व वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई जा रही है कि मामला अज्ञात लोगों पर नहीं, बल्कि दोषीगणों पर दर्ज किया जाए। गुरमुख का आरोप है कि दयाल सिंह की पत्नी संदीप कौर ने जो पुलिस को बताया है, वह सही नहीं है, क्योंकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के अनुसार हत्या 3 जुलाई की रात्रि लगभग 1 बजे हुई और संदीप कौर इसे 4 जुलाई की सुबह हत्या होने की बात कह रही है। दयाल सिंह की हत्या को लेकर आत्महत्या दर्शाना और पुलिसिया जांच में हत्या कबूल करना संकेत देता है कि एक सोची समझी साजिश के तहत दयाल सिंह की हत्या की गई है। पुलिस की ओर से भी हत्या कबूल किए जाने के बावजूद भी कथित दोषीगणों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न करने को लेकर उनमें रोष है और वह दूध का दूध और पानी का पानी करने की मांग पुलिस प्रशासन से कर रहे है। दयाल के परिवारजनों का आरोप है कि दयाल सिंह को 19 नवंबर 2015 को अपने साले की 24 नवंबर 2015 को होने वाले शादी में शामिल होने के लिए आया था, तभी से वह वापिस नहीं जाना चाहता था, जबकि संदीप कौर अपने मायका परिवार के साथ दवाब बनाए हुए थी, कि दयाल विदेश चला जाए। इस संबंध में 18 जून को संदीप कौर के परिवारजनों ने दयाल सिंह से उलझते हुए कहा, 'अगर दयाल सिंह ने विदेश नहीं जाना था, तो हमने संदीप कौर की शादी दयाल से नहीं करनी थी' और इसी के साथ दयाल सिंह के परिवारजनों से संदीप कौर के परिवारजनों ने   इस बात को लेकर बहस भी की थी। बार-बार विदेश न जाने व संदीप कौर को विदेश न ले जाने को लेकर जून में हुए इस झगड़े के बाद जुलाई में ही दयाल सिंह की हत्या हो गई। गुरमुख सिंह का आरोप है कि दयाल सिंह की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी संदीप कौर व उसके सहयोगी अन्यों ने दयाल सिंह के शरीर पर आए खून को साफ कर घर को पानी से धोकर हत्या के सबूत मिटाने के साथ साथ दयाल सिंह की हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास  किया। गुरमुख सिंह का कहना है कि संदीप कौर ही इस हत्या के बारे में सब कुछ जानती है और अगर उससे सख्ती से पूछताछ की जाए, तो मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।  दयाल के परिवारजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकरण की जांच में तेजी लाते हुए दोषीगण के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। दयाल सिंह के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि दोषीगण कानूनी गिरफ्त से बच न पाए। इस अवसर पर मृतक दयाल सिंह की माता त्रिलोचन कौर, पिता दीदार सिंह, गांव धर्मपुरा के पूर्व सरपंच शिंगारा सिंह, संत नगर के सरपंच पूर्ण सिंह विर्क, जसवीर सिंह, सुजान सिंह, हरदीप सिंह सहित गांव के अनेक लोग मौजूद रहे।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes