By
Pressvarta
•
3:59:00 PM
•
LatestNews
NorthIndiaNews
•
 |
| 132.29 करोड़ रुपए का बिजली बिल दिखाते राजेश |
कैथल(राजकुमार अग्रवाल)। हरियाणा के एक पान विक्रेता को इस बार दीवाली में बिजली का तेज झटका लगा। उसे अक्टूबर के लिए 132 करोड़ रुपए का बिजली बिल आया है। राजेश सोनीपत जिले के गोहाना शहर में पान की एक दुकान चलाता है। अक्टूबर महीने के लिए उसका बिजली बिल 132.29 करोड़ रुपए का आया है। राजेश ने कहा, मैं बिल देख कर दंग रह गया। ऐसा नहीं था कि यह राशि सिर्फ नंबरों में गलत लिखी थी। यही राशि शब्दों में भी लिखी थी। मैं साधारण आदमी हूं और किराए के दुकान में यह व्यवसाय करता हूं. मैं सिर्फ एक बल्ब और पंखा चलाता हूं। आम तौर पर यह बिल 1,000 रुपए से कम रहता है। राजेश को यह बिल कल दीवाली के मौके पर मिला और उसमें अंतिम तारिख 31 अक्टूबर दी है यानि उसे एक हफ्ते के बीच यह बिल चुकाना होगा। लेकिन राजेश को यह समझ नहीं आ रहा कि वह बिल की राशि कैसे चुकाएगा। राजेश के मुताबिक, बिल लेकर वह बिजली दफ्तर भी गए थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि बिल में कोई गलती नहीं हुई है। इस बिल को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) ने जारी किया है।
कम्प्यूटर की गलती: बिजली विभाग
बिजली विभाग के एडीसी एस.प्रसाद के मुताबिक, यह कम्प्यूटर की गलती से हुआ है। प्रसाद के मुताबिक, बिल कैंसिल कर दिया गया है और पान वाले को संशोधित बिल का ही भुगतान करना होगा।
पहले भी मिले ऐसे बिल
ये कोई पहला मामला नहीं है इससे पहले भी हरियाणा का बिजली विभाग अप्रैल, 2007 में हरियाणा के नारनौल शहर में मुरारी लाल को उसके दो बेडरूम वाले घर के लिए 234 करोड़ रुपये का बिजली बिल भेजा चुका है।
SIMILAR ARTICLES
Post a Comment