Headlines

Restaurants

Fashion

जेसीडी इंजीनियरिंग की लड़कियों की टीम ने बॉलीवाल प्रतियोगिता में बाजी मारी

सिरसा(प्रैसवार्ता)। जेसीडी विद्यापीठ में स्थापित इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अपने बेहतरीन प्रदर्शन करके प्रथम स्थान हासिल करके संस्थान का नाम रोशन किया है। गौरतलब है कि जेसीडी विद्यापीठ के बॉलीवाल मैदान में गुरु  जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार द्वारा इंटर कॉलेज बॉलीवाल पुरूष एवं महिलाओं की प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई, जिसमें जेसीडी इंजी. कॉलेज, जेसीडी आईबीएम कॉलेज, चौ. देवीलाल मैमोरियल इंजी. कॉलेज पन्नीवाला मोटा, ओम इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्रोलॉजी व मैनेजमेंट, शांति निकेतन इंजी. कॉलेज, प्राणनाथ परनामी इंजी. कॉलेज तथा गुरू जम्भेश्वर विश्विविद्यालय हिसार की टीमों ने अपना दमखम दिखाया।  इस मौके पर जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने छात्रों को इस जीत की बधाई देते हुए एवं उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें निकट भविष्य में खेलों में अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। वहीं उन्होंने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि बेहतर प्रदर्शन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे कामयाबी प्राप्त करके अपना व कॉलेज का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि होनहार विद्यार्थियों को समय-समय पर कॉलेज इस प्रकार की खेल प्रतिस्पर्धाओं में भेजकर प्रोत्साहित करता रहता है तथा संस्थान में भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाता है ताकि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।  विजेता टीम के खिलाडिय़ों को  बधाई देते हुए जेसीडी विद्यापीठ के प्रबन्ध निदेशक रियर एडमिरल राव सुरेन्द्र सिंह कहा कि जेसीडी विद्यापीठ अनुशासित, संस्कारित एवं तकनीकि शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए अधिकाधिक सुविधाएं प्रदान करता है ताकि हमारा विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि खेलों से जहां हमारा मानसिक विकास होता है वहीं इससे हम शारीरिक रूप से सुदृढ़ भी बनते हैं, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को किसी न किसी खेल में खेलभावना से अवश्य हिस्सा लेना चाहिए।  इससे सम्बन्धित विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान करते हुए जेसीडी इंजी. कॉलेज के स्पोर्टस इंचार्ज एवं कम्प्यूटर विभाग के असिस्टैंट प्रो. प्रदीप कादयान बताया कि इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में लड़कों के बॉलीवाल मैच में 7 संस्थानों की टीमों के मध्य खेले गए मुकाबलों में जीजेयू की टीम प्रथम स्थान पर रही, वहीं दूसरी तरफ लड़कियों की प्रतियोगिता का फाईनल मुकाबला विगत दिवस खेला गया, जिसमें अपने बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर जेसीडी इंजी. कॉलेज की टीम प्रथम तथा जेसीडी आईबीएम कॉलेज की टीम तृतीय स्थान पर रही। वहीं गुरू जम्भेश्वर की महिलाओं की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। श्री कादयान ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में जेसीडी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा कुलबीर कौर को श्रेष्ठ खिलाड़ी के खिताब से नवाजा गया, वहीं लड़कों की टीम में मैकेनिकल विभाग के विद्यार्थी संदीप पूनियां का चयन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता हेतु किया गया है। 

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes