Headlines

Restaurants

Fashion

महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित- नीतू और लक्ष्मी ने चलाई सबसे तेज साइकिल

टोहाना (नवल सिंह)। महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से कुलां के पंचायत स्टेडियम में खंड टोहाना व जाखल की महिलाओं के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। जिसमें विभाग की अतिरिक्त निदेशक शशि दुहन ने बतौर मुख्य अतिथि महिलाओं को खेल व सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए उन्हें सामाजिक बुराइयों को त्यागने के लिए प्रेरित किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सेतिया ने कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कन्या भू्रण हत्या, शिशु मृत्यु दर, दहेज प्रथा, पर्दा प्रथा, नशा मुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक बुराइयों के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा भाषण, नाटक व अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
जाखल खंड में ये रहीं विजेता - खंड जाखल की महिलाओं के लिए आयोजित साइकिल रेस में रूपांवाली की लक्ष्मी ने प्रथम, भुरथली की सतबीर ने द्वितीय व बिमला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आलू रेस प्रतियोगिता में म्योंदकलां की करमजीत प्रथम, साधनवास की मंजीत द्वितीय व छिंदरपाल तृतीय स्थान पर रही। मटका रेस में दिवाना की कैलाश प्रथम, चांदपुरा की मूर्ति द्वितीय व दिवाना की पिंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 300 मीटर दौड़ में दिवाना की शालू प्रथम, भुरथली की सोनी द्वितीय व करंडी की लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में रूपांवाली की मीना ने प्रथम, अमरो ने द्वितीय व गुरजीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 
टोहाना खंड में इन्होंने जीता मैदान - इसी प्रकार टोहाना खंड में साइकिल रेस में ठरवी की नीतू प्रथम, जमालपुर की सुखविंद्र द्वितीय व समैण की अंजू तृतीय स्थान पर रहीं। आलू चम्मच रेस में खनौरा की बलजीत ने प्रथम, लोहाखेड़ा की कुलविंद्र ने द्वितीय व प्रवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मटका रेस में समैण की सुदेश प्रथम, धारसुल की निर्मल द्वितीय व खनौरा की दलजीत तृतीय स्थान पर रही। 300 मीटर दौड़ में जमालपुर की मोनिका पहले, समैण की पूजा दूसरे तथा जमालपुर की सुखविंद्र तीसरे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ में समैण की पूजा प्रथम, नांगली की अंजू द्वितीय व समैण की किरण तृतीय स्थान पर रहीं। 
विजेता महिलाओं को दिए नकद पुरस्कार -इस अवसर पर दोनों खंडों के विभिन्न गांवों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतियोगिताओं में भागीदारी की। सीडीपीओ उषा मुआल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि महिलाओं के लिए ये प्रतियोगिताएं सन् 2005 से करवाई जा रही हैं। मंच संचालन रमन ने किया। महिलाओं को जागरूक करने के लिए लड़कियों ने भाषण दिए व लघु नाटिकाएं प्रस्तुत की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त निदेशक व परियोजना अधिकारी ने क्रमश: 500, 300 व 200 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इन विजेता महिलाओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी करवाई जाएगी। इस मौके पर सीडीपीओ उषा मुआल, ललिता रेल्हन, कुलां सरपंच जगविंद्र नागरा, मुख्याध्यापक रामानंद व जगतार सिंह, सुपरवाइजर्स जोगेंद्र कौर, मधु, उषा, कर्मजीत, पीटीआई देवीलाल, रोहताश, नरेंद्र व डीपी बलवान सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी व महिलाएं भी उपस्थित थीं।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes