Headlines

Restaurants

Fashion

बच्चे की मौत के बाद मचा बवाल, तोडफोड़ और लगाई आग

सिरसा(प्रैसवार्ता)। माडल संस्कृति स्कूल के पास वीरवार सुबह हुए सड़क हादसे ने हिंसा का रूप धारण कर लिया। मृतक के परिजनों ने जहां धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को आग के हवाले कर दिया, वहीं इन लोगों ने दमकल की गाडिय़ों को भी तोड़ डाला। दरअसल ये झगड़ा साडों की लड़ाई के कारण हुआ, मगर लोगों का गुस्सा देख पुलिस को भी घटनास्थल को सील करना पड़ा। यह हादसा उस समय हुआ, जब एक बच्चा अपने चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल जा रहा था। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली के पहिए तले कुचले जाने के बाद बच्चे की मौत हो गई और उसका चाचा घायल हो गया। इसके करीब आधे घंटे बाद मामला उग्र रूप धारण कर गया।

ऐसे हुआ हादसा
शहर के वार्ड 22 में रहने वाला अजय महाराजा बैंड कंपनी में काम करता है। उसका 6 साल का बेटा रेहान जीआरजी स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। वीरवार सुबह वह अपने चाचा के साथ बाइक पर सवार होकर स्कूल जा रहा था। बताया गया है कि जैसे ही ये दोनो माडल संस्कृति स्कूल के पास पहुंचे, तो एकाएक उनका बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया और बाइक से संतुलन बिगडऩे के कारण सन्नी व रेहान नीचे गिर गए। ट्राली का पहिया रेहान के ऊपर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रैक्टर चालक ने अपने साथ दो ट्रॉलिया जोड़ी हुई थी और दोनों में धान लदी हुई थी। बाइक सवार ने जैसे ही इन ट्रालियों को क्रास किया, तो सामने सांड़ों की लड़ाई हो ही थी। इस कारण सन्नी से अपना बाइक साइड में करने का प्रयास किया, तो टक्कर लगने से बाइक फिसल गया और रेहान पहियों तले आ गया।

फिर क्या हुआ
हादसे की खबर परिजनों को मिली। परिजन व मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चे का शव देखकर उनका खून खौल उठा और फिर यह हादसा हिंसा में तब्दील होता चला गया। हालांकि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपनी ट्रॉलिया व ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया और इन गुस्साएं लोगों ने पहले ट्रैक्टर को क्षतिग्रस्त किया और फिर आग लगा दी। आग की लपटों से ट्रैक्टर और धान से लदी दोनो ट्रालियां धूं धूं कर जलने लगी। आग की सूचना मिलने के बाद दमकल गाडिय़ा मौके पर पहुंची, तो लोगों ने इन दमकल गाडिय़ों को भी निशाने पर ले लिया और गाडिय़ों को तोड़ डाला। बताया गया है कि चालक के साथ भी हाथपाई की। शहर थाना प्रभारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया, मगर इससे पूर्व एक युवक की भी जमकर धुनाई की, क्योंकि यह युवक मोबाइल से पूरे घटनाक्रम की वीडियो बना रहा था। लोगों ने उसे इतना पीटा कि उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने जैसे तैसे मामला शांत किया और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया।

इकलौता था रेहान
मालूम हुआ है कि बैंड कंपनी में काम करने वाले अजय कुमार के दो बच्चे थे, इनमें रेहान बड़ा था और तीन साल की छोटी बेटी है। इस हादसे के बाद से क्षेत्र के लोगों में न केवल गुस्सा है, बल्कि सदमा भी है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes