Headlines

Restaurants

Fashion

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के यूथ फेस्टिवल में युवतियों से छेड़छाड़ पर हंगामा

सिरसा(प्रैसवार्ता)। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में युवा महोत्सव के दौरान युवतियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत प्रभाव से दोनों युवकों को कमरे में बंद करके अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। पुलिस को सूचना दी गई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार युवा महोत्सव के दौरान तीन अलग-अलग मंचों पर कार्यक्रम चल रहे थे। इसी दौरान मुख्य मंच के पीछे की ओर गैलरी में युवतियों ने सुरक्षा कर्मचारियों को बताया कि दो युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ की और पीछा भी किया। इतना ही नहीं युवकों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया। बताया जा रहा है कि इस पर सुरक्षा कर्मचारियों ने दोनों युवकों का पीछा किया तो दोनों युवक एक कमरे में जा छिपे। इस पर सुरक्षा कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कमरे पर बाहर से ताला लगा दिया और अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों से पूछताछ की। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान दोनों युवकों को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया। हालांकि सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत प्रभाव से पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी लेकिन बताया जा रहा है कि पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।युवतियों से छेड़छाड़ की घटना पर करीब दो घंटे तक खूब हंगामा हुआ। युवा महोत्सव में पहुंचे बड़ी संख्या में युवक-युवतियां यहां एकत्र हो गए।हुडा चौकी पुलिस इंचार्ज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। न ही उन्होंने सीडीएलयू से किन्हीं युवकों को छेड़छाड के मामले में हिरासत में लेने की सूचना दी।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes