Headlines

Restaurants

Fashion

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम पर एफआईआर दर्ज

सिरसा(प्रैसवार्ता)। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत सिंह पर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने साधुओं को नपुंसक बनाने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रैसवार्ता को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार  डेरा प्रमुख को इस मामले में व्यक्तिगत रूप से नामजद किया गया है। अब सीबीआई इस मामले में जांच की कार्रवाई शुरू करेगी। उल्लेखनीय है कि डेरा सच्चा सौदा में करीब 400 साधुओं को नपुंसक बनाए जाने का खुलासा डेरा के ही एक पूर्व साधु ने किया। साधु हंसराज चौहान का दावा है कि उसे भी डेरा के ही अस्पताल में ऑप्रेशन करके नपुंसक बना दिया गया जिससे उसके हार्मोन में परिवर्तन आने लगा और उसमें शारीरिक बदलाव आ गया। हंसराज चौहान का कहना है डेरा प्रमुख के आदेश पर उन जैसे करीब 400 युवाओं को 'भगवान के दर्शनÓ के नाम पर नपुंसक बनाया गया है। उन्होंने 166 लोगों की नाम सहित सूची भी सार्वजनिक की है। चौहान ने इस मामले की जांच के लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में जुलाई 2012 में याचिका दायर की। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के आदेश पर शिकायतकर्ता हंसराज का चिकित्सीय परीक्षण भी हो चुका है जिसमें उसके अंडकोष ऑप्रेशन द्वारा निकाले जाने की पुष्टि हुई थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के जस्टिस के. कानन ने प्रदेश सरकार को जांच के आदेश दिए थे। सरकार ने अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि डेरा में नपुंसक बनाए गए लोग अपनी मर्जी से नपुंसक बने हैं। 17 दिसम्बर को हुई सुनवाई के दौरान जस्टिस के. कानन ने सरकार के इस जवाब से असंतुष्ट होने के कारण फैसला सुरक्षित रख लिया।  विगत 23 दिसम्बर 2014 को जस्टिस के. कानन ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए मामले की जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया। सीबीआई को जांच कर दो मार्च तक रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए गए हैं।  इसी के तहत आज सीबीआई ने अपनी जांच का सिलसिला आगे बढ़ाने के लिए इस मामले में डेरा प्रमुख को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की है। 

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes