Headlines

Restaurants

Fashion

पीट-पीट कर स्कूल के चौकीदार की हत्या

सिरसा(प्रैसवार्ता)। कालांवाली थाना क्षेत्र के गांव कमाल में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर इसी गांव निवासी दो युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार गांव कमाल निवासी जंटा सिंह इसी गांव में सरकारी स्कूल में चौकीदारी का काम करता था। कल स्कूल में स्थापित जिम में दो युवकों द्वारा देर तक एक्सरसाईज करने पर जंटा सिंह की उनसे कहासुनी हो गई। इन युवकों ने जंटा सिंह की डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी। बताया जाता है कि जंटा सिंह ने इसकी शिकायत सरपंच से भी की। रात होने की वजह से मामले को लेकर पंचायत मंगलवार सुबह करने की बात कही गई। मृतक की पत्नी अमरजीत कौर ने बताया कि लाठी-डंडों की चोट की वजह से उसके पति ने रात्रि में दम तोड़ दिया। उसने बताया कि जब उसने रात्रि लगभग एक बजे पति को देखा तो वह मृत था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कालांवाली थाना प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।  मृतक जंटा सिंह की पत्नी अमरजीत कौर ने इसी गांव निवासी कुलदीप पुत्र नाजर सिंह व रुपी पुत्र जंटा सिंह पर उसके पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि दोनों युवक गांव फग्गू स्थित सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes