Headlines

Restaurants

Fashion

लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश, 30 से 40 हजार में तय होता था सौदा

सिरसा(प्रैसवार्ता)। एक सूचना के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लंबे समय से पंजाब के बरनाला शहर में चल रहे लिंग जांच गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सीआईडी, स्वास्थ्य विभाग और सीआईए पुलिस ने मिलकर एक टीम का गठन कर पंजाब के बरनाला शहर मेेंं मशीन का सील तोड़कर लिंग जांच कर रही तीन महिलाओं और दलाल सहित छह लोगों को काबू किया है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार डबवाली के निवासी आरएमपी डॉक्टर रामदास आसपास के क्षेत्र से ग्राहक फांस कर बरनाला ले जाता था, जहां से उसे मोटा कमीशन मिलता था। स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही सीआईडी, स्वास्थ्य विभाग और सीआईए पुलिस ने टीम का गठन किया और टीम ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर छह लोगों के खिलाफ बरनाला पुलिस व वहां के स्वास्थ्य विभाग को आगामी कार्रवाई के लिए लिख दिया है। टीम ने एक लेडी कांस्टेबल को फर्जी ग्राहक बनाया और 30 हजार में सौदा तय किया गया।  स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ.वीरेश भूषण के नेतृत्व में टीम गुरूवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे बरनाला के लिए रवाना हुई। जब टीम पहुंची, तो देखा कि सील बंद मशीन की सील तोड़कर लिंग जांच का खेल चल रहा था। वहां पहले से दो महिलाएं बैठी मिली। इनमें एक 12वीं पास अनट्रेंड महिला मशीन को चला रही थी। टीम ने डबवाली के निवासी रामदास, मोगा निवासी जगतार सिंह, गुरप्रीत सिंह व  गुरमैल कौर को नामजद कर दो अन्य सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी है। इस संबंध में डॉ.वीरेश भूषण से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिला के डबवाली के निवासी रामदास पहले भी लिंग जांच के मामले में दोषी पाया गया था और जमानत पर आते ही उसने फिर से यही धंधा शुरु कर दिया। आसपास के क्षेत्र से गर्भवती महिलाओं व उनके परिजनों को झांसे में लेकर बरनाला में लिंग जांच करवाने के लिए लेकर जाता था और हर ग्राहक से मोटे कमीशन के चक्कर में 30 से 40 हजार रुपये में सौदा तय किया जाता था। 

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes