Headlines

Restaurants

Fashion

बाजेकां में दहेज को लेकर हत्या करने वाले पहुंचे जेल की सलाखों के पीछे

सिरसा(प्रैसवार्ता)। दहेज को लेकर हुई हत्या व शव को खुर्दबुर्द करने के मामले में सदर थाना सिरसा पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों मृतका के पति अमरूनाथ व देवर व जेठ रोहताश, रवि व राजकुमार पुत्रान नीम नाथ निवासी बाजेकां को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेजा गया है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के तलवाड़ा झील जिला हनुमानगढ़ निवासी सुरजीत नाथ की पुत्री रवीना की शादी कुछ समय पहले बाजेकां निवासी अमरूनाथ पुत्र नीम नाथ के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज का मामला सामने आया और इसी दहेज मांग के चलते पति अमरूनाथ, देवर व जेठ रोहताश, रवि व राजकुमार, सास कांता व ससुर नीम नाथ ने रवीना की हत्या कर शव को कब्रिस्तान में दबा दिया। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई रवीना की मौत को लेकर उसके परिजन पुलिस अधीक्षक सिरसा से मिलें और उन्हें मृतका रवीना की मृत फोटो दिखाते हुए हत्या की आशंका जताई। पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने इस आशंका पर संज्ञान लेते हुए सदर थाना सिरसा के प्रभारी इंस्पैक्टर राम सिंह को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान पहले रवीना का शव ड्यूटी मैजिस्ट्रेट तहसीलदार ओपी बिश्रोई व डॉ. दीपक और रोहित की मौजूदगी में कब्रिस्तान से निकाला गया। नागरिक अस्पताल सिरसा में शव को पोस्टमार्टम हेतु ले जाया गया, जहां से उसे अग्रोहा के मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया। इस संबंध में मृतका रवीना के पिता सुरजीत नाथ की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 304 बी व शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज किया गया है। इसी के साथ सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सिरसा अदालत मे ंपेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में सिरसा जेल भेजा गया है। सदर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर राम सिंह ने बताया कि घटना के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes