Headlines

Restaurants

Fashion

इंसानियत का संदेश देगी एमएसजी द वारियर-लॉयन हार्ट

सिरसा(प्रैसवार्ता)। रॉक स्टार कहे जाने वाले सिरसा की आन-बान-शान एवं डेरा सच्चा सौदा के पूज्य संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की ओर निर्मित फिल्म 'एमएसजी द वारियर-लॉयन हार्ट' 7 अक्तूबर शुक्रवार को रिलीज होने जा रही है। नई तकनीक से फिल्म को प्रमोट किया जा रहा है। संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां खुद भी फिल्म प्रमोशन को लेकर जुटे हुए है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म लोगों में इंसानियत का संदेश देगी। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह शहर में रोड़ शो निकाला गया। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार रोड शो हिसार रोड स्थित महाराणा प्रताप चौक से आरंभ होकर पूरे बाजार से होता हुआ चोपटा पहुंचकर सम्पन्न हुआ। रोड़ शो निकाल रहे लोगों ने एक स्वर में कहा कि पूज्य गुरु जी द्वारा बनाई गई फिल्म 'एमएसजी द वारियर-लॉयन हार्ट' लोगों को इन्सानियत का रास्ता दिखाएगी। फिल्म में गुरु जी ने लोगों को बुराइयां छोडऩे का संदेश दिया है। सभी को यह फिल्म देखनी चाहिए तथा जो लोग रास्ता भटक चुके हैं, उन्हें रास्ते पर लाने के लिए यह फिल्म कारगर सिद्ध होगी।  इस मौके पर उनके साथ कर्मजीत फौजी, मोहन सिंह, गुरमीत सिंह बराड़, बलजीत सिंह बग्गा, बिट्टू डेयरीवाला, बलजीत सिंह संधू खैरपुर के अलावा अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

महिलाओं ने सिर पर रखा कलश और चल दिए...
इस विशाल रोड शो की अगुवाई सिर पर क्लश रखे हुए महिलाएं कर रही थी। रोड शो में सैकड़ों महिलाओं ने अपने सिर पर क्लश रखे हुए थे, जिन पर बड़े ही सुंदर ढंग से लॉयन हार्ट व एमएसजी लिखा हुआ था। अधिकतर महिलाओं ने हाथों में गुब्बारे व रंग-बिरंगी झंडिय़ां पकड़ी हुई थी। वहीं बच्चे भी गुब्बारे व लॉयन हार्ट लिखी तख्तियां उठाए रोड शो में चल रहे थे। हर तरफ एक ही आवाज सुनाई दे रही थी, वो थी शेर दिल, शेर दिल। रोड शो के आगे सेंट एमएसजी ग्लोरिसय इंटरनेशनल बॉयज स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चे ढोल बाजे..., ओ बाजे नगाढ़ा ... गाने पर झूमते दिखाई दिए। इसके अलावा रोड शो में सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर युवा झूमते दिखाई दिए। बड़े ही अनुशासित ढंग से मोटरसाइकिलों का काफिला रोड शो की शोभा बढ़ा रहा था। सभी युवा शेर दिल, शेर दिल के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। यही नहीं स्कूटियों पर महिला प्रशंसक भी शामिल थी। इसके अलावा खुली जीप, गाडिय़ां भी रोड शो में शामिल थी, जिन पर फिल्म के बड़े-बड़े पोस्टर लगे हुए थे। डीजे की थाप पर रोड शो आगे बढ़ रहा था तथा प्रशंसक खुशी में झूमते हुए सभी को 7 अक्तूबर को रिलीज होने वाली फिल्म को देखने का निमंत्रण दे रहे थे। 

शहरवासियों में दिखा उत्साह
एमएसजी द वारियर-लॉयन हार्ट फिल्म के प्रमोशन को लेकर निकाला गया रोड शो शहर के जिस बाजार में से भी होकर गुजरा स्थानीय लोग इसे देखने के लिए उमड़ पड़े। एमएसजी प्रशंसकों के साथ-साथ आमजन में भी रोड शो को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रोड शो में शामिल वाहनों पर चल रहे फिल्म के गाने व डायलॉग आमजन भी गाते दिखाई दिए। यही नहीं कई दुकानदार तो रोड शो में शामिल प्रशंसकों के साथ झूमने पर खुद को नहीं रोक पाए तथा डीजे पर जमकर नाचे।

यहां से होकर गुजरा रोड शो
महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुआ विशाल रोड शो बस स्टैंड, सुरखाब चौक, लालबती चौक, सागंवान चौक, अरोडवंश चौक, कबीर चौक, अग्रवाल टैण्ट, जनता भवन, जगदेव सिंह चौक, सुभाष चौक, शहीद भगत सिंह चौक, परशुराम चौक, गोल डिग्गी चौक, शाह सतनाम जी चौक, कल्याण नगर, शाह मस्ताना जी धाम, शाहपुर बेगू, शाह सतनाम जी धाम से होते हुए चोपटा पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस रोड शो में ब्लॉक सरसा, कल्याणनगर, सुखचैन कॉलोनी से भारी संख्या में एमएसजी प्रशंसकों ने भाग लिया।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes