Headlines

Restaurants

Fashion

बलात्कारियों का अड्डा है डेरा सच्चा सौदा: संत बलजीत सिंह दादूवाल

सिरसा(प्रैसवार्ता)। डेरा सच्चा सौदा न केवल पाखंड का सौदा है, बल्कि बलात्कारों का अड्डा भी है। डेरा प्रमुख बाबा गुरमीत राम रहीम बलात्कारों का सरगना है, जिस पर सीबीआई कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला लेकर साबित कर दिया है कि कानून सभी के लिए सामान है। उपरोक्त आरोप तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल ने गुरुद्वारा श्री दसवीं पातशाही में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लगाए। दादूवाल ने कहा कि उन्हें बहुत समय पहले डेरा सच्चा सौदा के घिनौने कामों की हकीकत पता लग गई थी। डेरे से जुड़े लोग उन्हें बाबा राम रहीम के डेरा सच्चा सौदा की आड़ में चल रहे गंदे कामों की जानकारी देते थे। सन् 1997 से उन्होंने डेरा सच्चा सौदा व बाबा राम रहीम के खिलाफलड़ाई लडऩी शुरू की। हरियाणा व पंजाब की सरकारों और कई राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों का डेरा सच्चा सौदा को समर्थन था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी मौजूदा सरकार बाबा राम रहीम पर मेहरबान है और सेना के जवानों को डेरा सच्चा सौदा के अंदर जाने से रोके हुए है, ताकि अंदर से सारा सामान गायब किया जा सके। सरकार को  अपना राजधर्म निभाते हुए डेरे के खिलाफ कार्रवाई के आदेश देने चाहिए। संत दादूवाल ने स्पष्ट किया कि डेरा सच्चा सौदा में कोई भी सच्ची शिक्षा नहीं दी जाती और न ही डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम कोई संत थे। बाबा राम रहीम डेरा सच्चा सौदा की आड़ में अपनी अय्याशियों को अंजाम दे रहा था। उन्होंने सरकार से मांग की है कि डेरा सच्चा सौदा की सभी साध्वियों का मैडीकल करवाया जाए, अगर इनके साथ भी बलात्कार हुआ है, तो बाबा राम रहीम पर और भी केस दर्ज करने चाहिए। इसके अतिरिक्त धार्मिक भावना आहत के नाम पर सिखों सहित अन्य लोगों पर दर्ज हुए मुकद्दमों को भी कैंसिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के बठिंडा में बाबा के खिलाफ दर्ज हुए मामले की हम पुन: पैरवी शुरू करने जा रहे है और जल्द ही बाबा राम रहीम को उनके इस गुनाह की सजा दिलवाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकार रामचंद्र छत्रपत्ति एक  सच्चे एवं निडर पत्रकार थे और बाबा राम रहीम ने उन्हें सच लिखने पर मौत के घाट उतार दिया था। बाबा राम रहीम को बलात्कार मामले में हुई 20 साल की सजा से छत्रपति परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है। इसी के साथ बाबा राम रहीम ने फिल्मों में अपने आप को जो बब्बर शेर कहा था, आज वह जेल में किसी गीदड से कम नहीं है और उसके चिल्लाने की आवाज कैदियों के कानों में गूंज रही है। संत दादूवाल ने कहा कि बाबा राम रहीम को अन्य मामलों में सजा होनी चाहिए, ताकि सभी का कानून पर विश्वास कायम रहे।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes