Headlines

Restaurants

Fashion

हरियाणा में कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा तैयार: हाईकमान की स्वीकृति का इंतजार

सिरसा(प्रैसवार्ता)। हरियाणवी कांग्रेस को जल्द ही संगठनात्मक ढांचे का मानचित्र दिखाई देगा, जिसके लिए बकायदा ब्लॉक, जिला व राज्यस्तरीय खाका तैयार हो चुका है, जिस पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की स्वीकृति की प्रतीक्षा की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए कांग्रेस फेरबदल उपरांत हरियाणा में भी फेरबदल की संभावना बन गई है। कांग्रेस हाईकमान ने महिला प्रकोष्ठ की कमान सांसद सुष्मिता देव को सौंपी है। हरियाणा में महिला कांग्रेस की कमान संभाल रही सुमित्रा चौहान का कार्यकाल फरवरी 2017 में पूरा हो चुका था। चौहान के स्थान पर जिम्मेदारी संभालने के लिए करीब आधा दर्जन महिला नेत्रियों की चर्चा है, जिन्हें विभिन्न विभिन्न कांग्रेस दिग्गजों का राजनीतिक आशीर्वाद प्राप्त है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार बिमला सरोहा, शारदा राठौर, चित्रा सरवारा, रंजीता मेहता तथा बीणा देशवाल के लिए कंाग्रेसी दिग्गजों ने लाबिंग शुरू कर दी है। शारदा राठौर टिकट से वंचित रहने पर कांग्रेस अलविदा कह गई थी और अब भूपेंद्र सिंह हुड्डा के माध्यम से घर वापिसी कर चुकी है। रंजीता मेहता पार्टी की प्रवक्ता है तथा सभी दिग्गजों से अच्छे राजनीतिक संबंध रखती है, जबकि बिमला सरोहा की वकालत मौजूदा कांग्रेस प्रधान अशोक तंवर और राज्यसभा सांसद सुश्री शैलजा कर रही है। चित्रा सरवारा पूर्व मंत्री निर्मल सिंह की बेटी है, जिसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला का समर्थन प्राप्त है। महिला कांग्रेस की कमान कौन सी महिला नेत्री संभालेगी, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, मगर फिलहाल बिमला सरोहा का पलड़ा भारी नजर आता है। दूसरी तरफ संगठनात्मक चुनाव के तहत 15 अक्टूबर तक कांग्रेस की टीम स्पष्ट हो जाएगी और हरियाणवी कांग्रेस को पदाधिकारी मिल जायेंगे। नवंबर मास के मध्य में राष्ट्रीय अधिवेशन होने वाला है, जिसमें राहुल गांधी को पार्टी का मुखिया  घोषित किया जा सकता है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes