Headlines

Restaurants

Fashion

जेसीडी इंजी. कॉलेज व बहुतकनीकी संस्थान में कम्यूनिकेशन स्किल पर कार्यशाला आयोजित

सिरसा(प्रैसवार्ता)। जेसीडी विद्यापीठ में स्थापित इंजीनियरिंग कॉलेज व बहुतकनीकी संस्थान के विद्यार्थियों के लिए एनआईटीटीटीआर की तरफ से एक दूरस्थ कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें दो दिनों में कुल इंजीनियरिंग एवं बहुतकनीकी संस्थान के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया तथा बातचीत की कला के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी हासिल की। इस कार्यशाला का आयोजन एवं संचालन डॉ. पी.के. सिंगला द्वारा किया गया। यह कार्यशाला मुख्यत: प्रदर्शन, बातचीत, वाद-विवाद एवं साक्षात्कार इत्यादि विषयों पर आधारित थी। इस मौके पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. पी.के. सिंगला ने समझाया कि शिक्षा समाप्ति के पश्चात् विद्यार्थियों के सोचने का तरीका आकस्मिक ही बदल जाता है तथा उनके विचारों में भी परिवर्तन हो जाता है। इसलिए किसी भी विषय की गहनता से जानकारी एवं उसका अभ्यास अति आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज के विकास में अह्म भूमिका अदा करते हैं अगर उन्हें सही दिशा-निर्देश प्राप्त हो सकें। उचित मार्गदर्शन मिलने से विद्यार्थी न केवल स्वयं का बल्कि दूसरों के विकास में भी सांझेदार बन सकता है। इस अवसर पर सर्वप्रथम इंजी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने वक्ताओं का स्वागत करते हुए उनकी उपलब्धियों से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। डॉ. दास ने कहा कि हमारा कार्य विद्यार्थियों को बेहतर रास्ता दिखाना है जिस पर चलकर वह कामयाबी हासिल कर सकते हैं, उसे चुनना या न चुनना यह तो विद्यार्थियों पर ही निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में भी हम ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करके विशेषज्ञों को आपसे मुखातिब करते रहेंगे ताकि आपको नवीनतम जानकारी हासिल हो सके और आप बेहतर विकल्प चयन करके सफलता हासिल कर सकें। उन्होंने अपने संबोधन में एनआईटीटीटीआर के निदेशक डॉ. एम.पी. पूनियां का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को समझाया कि शिक्षा के साथ-साथ ऐसे कार्यक्रमों में भी उन्हें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए ताकि वे स्वयं को अपडेट रख सकें। इस अवसर पर जेसीडी इंजीनियरिंग एवं बहुतकनीकी संस्थान के विद्यार्थीगण व स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। 

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes