Headlines

Restaurants

Fashion

माह के अंतिम शनिवार व रविवार को सिरसा पुलिस देगी आपके सवालों का जवाब

S.P. Sirsa
सिरसा(प्रैसवार्ता)। शिकायत पर कार्यवाही हुई या नहीं? मामला दर्ज हुआ या नहीं? आरोपी पकड़े गए या नहीं? ऐसे कई सवालों के जवाब अब फरियादी माह के अंतिम शनिवार व रविवार सुबह 9 से 11 बजे तक संबंधित थानों में जान सकेंगे। पुलिस विभाग द्वारा 'जानिए अपने मुकद्दमे व शिकायत का स्टेट्स' के नाम से एक मुहिम शुरू की गई है, इस संबंध में एसपी सिरसा ने सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों को निर्देश भी दिए है। फरियादी को अपनी शिकायत व मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित थाने में जाना होगा, जहां उसे पूरी जानकारी मिलेगी। इससे पूर्व फरियादियों को शिकायत व मामले के स्टेट्स के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने नेतृत्व में अब विलंब नहीं होगा।  दिन प्रतिदिन पुलिस विभाग हाईटैक होता जा रहा है। लोगों की नजर में पुलिस की छवि और बेहतर होती जा रही है। फरियादियों की शिकायतों का जल्द से जल्द निवारण हो, ऐसा जिला पुलिस का प्रयास रहता है। जिला पुलिस एसपी के नेतृत्व में अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने में सफल होती जा रहा है।  पुलिस कार्य में और अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान (जानिए अपने मुकद्दमे व शिकायत का स्टेट्स) शुरू किया गया है।

शिकायतकर्ताओं की शिकायत का जल्द निवारण प्राथमिकता: एसपी गुप्ता
पुलिस अधीक्षक सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना में शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों की शिकायत सुनकर उनका निवारण करना ही पहली प्राथमिकता है। जो भी शिकायतकर्ता शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय या थाने में जाता है, उनकी शिकायत दर्ज कर उन्हें रसीद दी जाती है। फोन के माध्यम से भी अपनी शिकायत व मुकद्दमे के बारे में संबंधित थाना व जांच अधिकारी से पूछ सकते है। फरियादी निर्धारित दिन व समय अवधि के दौरान संबंधित थाने में जाकर अपनी शिकायत व मुकद्दमे का विवरण ले सकता है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes