Headlines

Restaurants

Fashion

पंजाब से आकर सिरसा में चलाने चाहे नकली नोट, पकड़े गए...

सिरसा(प्रैसवार्ता)। जिला सिरसा पुलिस की बडागुढ़ा थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो नकली नोट छापते थे और लोगों को चूना लगाते थे। इस गिरोह के तीन सदस्यों गुरशरण सिंह पुत्र लाभ सिंह व लाभ सिंह पुत्र शाम सिंह निवासियान चकेरिया, बीकर सिंह पुत्र बाबू सिंह निवासी मिड्डूखेड़ा पंजाब हाल गांव फग्गू को बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 489बी, 489सी व 489डी के तहत कार्रवाई की गई है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन 16 अगस्त को चकेरिया गांव के निवासी गुरशरण सिंह ने एक परचून की दुकान पर 500 रुपये का नकली नोट चलाया। परचून दुकान संचालक को जैसे ही शक हुआ, उसने पुलिस को तुरंत इस संबंध में सूचित किया। पुलिस ने इन्वेस्टीगेशन कर आरोपी गुरशरण सिंह को गिरफ्तार कर लिया। रिमांड में आरोपी गुरशरण ने लाभ सिंह व बीकर सिंह का नाम कबूला, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
ये कहते है एसएचओ
बडागुढ़ा थाना प्रभारी इंस्पैक्टर दिनेश कुमार ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 26 हजार रुपये के 500-500 रुपये के नकली नोट, प्रिंटर मशीन व कागजों का दस्ता बरामद किया है। इस गिरोह का एक अन्य सदस्य पंजाब क्षेत्र में है, जिसके बारे में मालूम कर लिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes