Headlines

Restaurants

Fashion

सिरसा के दो युवकों से पकड़े 7 हजार रुपए के नकली नोट

सिरसा(प्रैसवार्ता)। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में शनिवार को एक उपभोक्ता से बैंक कर्मचारियों ने 7 हजार रुपए मूल्य के 500 रुपए के पुराने नकली नोट पकड़े हैं। इस संबंध में पुलिस को सूचित कर दिया और पुलिस जांच में जुट गई है। प्रैसवार्ता को मिली जानकारी अनुसार दोपहर करीब 12:15 बजे हरीश पुत्र नत्था सिंह नामक युवक अपने एक साथी के साथ सुभाष चौक के पास स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के अपने खाते में 49500 रुपए जमा करवाने आया था। उसने अपने साथी के माध्यम से 500 रुपए के 99 नोट बैंक कर्मचारी को जमा करने के लिए दिए। बैंक कर्मचारी ने जब उक्त नोट मशीन में डाले तो मशीन ने एक-एक कर 14 नोट अलग कर दिए। इस पर जब बैंक कर्मी ने ध्यान से नोटों को चैक किया तो वे नकली मिले। जब और गौर किया तो पाया कि अधिकतर नोट एक ही सिरीज के थे। इस पर बैंक कर्मचारी ने उसे बताया कि ये नोट नकली हैं और इन्हें नष्ट किया जाएगा, लेकिन हरीश व उसका साथी नोट वापिस देने की मांग पर अड़ गए और दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। इस पर सभी बैंक कर्मचारी एकत्रित हो गए तो दोनों युवक वहां से चले गए। इसके बाद बैंक मैनेजर सोन कुसरे ने पुलिस को सूचित कर दिया, जिसके बाद सिटी थाना से पुलिस कर्मी बैंक में आए और खाता नम्बर तथा उपभोक्ता का पूरा पता व मोबाइल नम्बर नोट किए तथा बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दोनों युवकों के चेहरों की पहचान की।
पुलिस को अंदेशा, मार्किट में न खपा दिए हों नोट
जांच अधिकारी व बैंक मैनेजर ने बताया कि उक्त नोट एक ही सिरीज के हैं तथा कुछ नम्बर अलग सिरीज के भी हैं। उन्होंने कहा कि खाता धारक को पकड़कर उससे पूछताछ की जाएगी कि उक्त नोट उसके पास से कहां आए और यदि उसके पास और नोट भी थे तो उसने मार्किट में कहां-कहां उनसे खरीददारी की। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि हो सकता है कि लालच में आकर वह किसी और के पैसे अपने खाते में जमा करवाने आया हो।
2 लाख से अधिक नकली नोटों की आशंका में पकड़े दो युवक
उधर, दोपहर करीब अढ़ाई बजे कोर्ट कालोनी से जा रहे दो युवकों को पुलिस ने नकली नोट ले जाने की आशंका में पकड़ा है। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि नोट नकली हैं या असली और दोनों युवक उक्त नोट कहां से लेकर आए हैं। फिलहाल शहर थाना प्रभारी रामसिंह बिश्नोई मौके पर पहुंच चुके हैं और दोनों से पूछताछ कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को दो युवकों द्वारा एक स्कूटी पर दो लाख रुपए कीमत के 500-500 रुपए के नकली नोट ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट कालोनी में पकड़ लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम युवकों के घर की तलाशी भी ली, ताकि पता चल सके कि उनके घर में भी ऐसे और नोट हैं या नहीं।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes