Headlines

Restaurants

Fashion

महिला थाना एस.एच.ओ सीमा ने बेटियों को सम्मान देने का किया आह्वान

छात्राओं को संबोधित करती एस.एच.ओ सीमा।
सिरसा(प्रैसवार्ता)। महिला थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी ने कहा कि एक समय था जब पिता को पुत्री संतान के नाम से ही खीज होती थी, लेकिन आज कारण भी बदले हैं और हालात भी। बेटी पिता के लिए कोई बोझ या जिम्मेदारी बनकर नहीं रह गई हैं, बल्कि पिता की शान और पहचान का हिस्सा बन रही है। बाप-बेटी का रिश्ता गहरी दोस्ती का रूप इख्तियार करने लगा है। जहां संवेदनाएं भी हैं और परवरिश भी। वे गुरुवार को डबवाली उपमंडल के गांव अबूबशहर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्यातिथि छात्राओं को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बेटियों को प्रतिभाओं के रूप में निखार कर आगे लाने की आवश्यकता है। बेटियां शिक्षा, खेलकूद, सांस्कृतिक क्षेत्रों सहित अनेक गतिविधियों में अपनी सफलताओं का लोहा मनवा रही है। थाना प्रभारी सीमा ने इस अवसर पर आह्वान करते हुए कहा कि बेटियों को सम्मान देने में समाज को किसी भी सूरत में संकोच नहीं करना चाहिए, बल्कि उनको हर क्षेत्र में आगे बढऩे में संपूर्ण सहयोग देना चाहिए, ताकि बेटियां अपनी प्रतिभाओं के जरिए देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सके। इस मौके पर महिला पुलिस की ओर से छात्राओं को महिला सुरक्षा के बारे में विस्तृत रूप से बताया और कहा कि कहीं भी महिलाएं एवं छात्राएं अपने आप को असुरक्षित महसूस करें, तो तुरंत पुलिस सहायता के लिए महिला हैल्पलाइन 1091 पर डायल करें। इस दौरान महिला पुलिस द्वारा स्कूली छात्राओं को विभिन्न महिला अपराधों व साइबर अपराधों के बारे में सचेत करते हुए विश्वास दिलाया कि महिला पुलिस महिलाओं व छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह कटिबद्ध है। इस मौके पर स्कूल प्रिंसिपल हंसराज व गांव केसरपंच राजेंद्र कुमार सहित स्कूल स्टॉफ सदस्य व  अनेक लोग मौजूद रहे।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes