Headlines

Restaurants

Fashion

अमित शाह के हरियाणा आगमन को लेकर सरकार और संगठन सक्रिय

सिरसा(प्रैसवार्ता)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिवसीय हरियाणा आगमन को लेकर सरकार व संगठन सक्रिय हो गए है। वही असंतुष्ट भाजपाईयों के राजनीतिक घाव पर मरहम लगाने की कवायद शुरू हो गई है। सरकार ने असंतुष्टों की नाराजगी को दूर करने के लिए तीन वर्षों से ठंडे बस्ते में पड़ी एडजस्ट फाईल पर संज्ञान लेते हुए मार्केट कमेटी के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन की नियुक्ति कर दी है, जबकि बोर्ड, निगमों में रिक्त पड़े पद भरने की तैयारी शुरू कर दी है। शाह के इस दौरे को भाजपा के मिशन 2019 से जोड़कर देखा जा रहा है। हरियाणा के दस संसदीय क्षेत्रों में से सात पर भगवा फहरा रहा है, जबकि शेष तीनों पर भाजपा ने अपना फोक्स बनाया है। राज्य के सिरसा, हिसार तथा रोहतक संसदीय क्षेत्रों में इनैलो तथा कांग्रेस काबिज है और तीनो संसदीय क्षेत्र ही एक साथ सटे हुए है। शाह के हरियाणा आगमन को लेकर तैयारी पूरी की जा रही है और संभावना है कि शाह चंडीगढ़, पंचकुला के अतिरिक्त प्रदेश भाजपा के मुख्यालय रोहतक में ठहराव करके पार्टी के सांसदों, विधायकों, दिग्गजों व विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों से मुलाकात सरकार व संगठन कामकाज की समीक्षा लेने उपरांत उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। भाजपा का एक वर्ग चाहता है कि शाह का ठहराव हिसार में किया जाए, ताकि तीनो संसदीय क्षेत्र रोहतक, सिरसा व हिसार की नब्ज टटोली जाए, जो अभी तक भाजपा  ध्वज से दूरी बनाए हुए है। अमित शाह के दौरे को लेकर विपक्षी दलों में भी हलचल देखी जा रही है। भाजपा अध्यक्ष असंतुष्टों की नाराजगी से वाकिफ होकर दिशा निर्देश जारी करके एकजुटता का पाठ भी पढ़ाएंगे और नाराजगी के कारण पर संज्ञान भी ले सकते है। 2 अगस्त से 4  अगस्त तक शाह के हरियाणा आगमन को लेकर सरकार तथा संगठन सक्रिय हो गए है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes