Headlines

Restaurants

Fashion

कालांवाली पुलिस पर लगा फिरौती का झूठा मुकद्दमा दर्ज करने का आरोप


पीडि़त महिला 
सिरसा(प्रैसवार्ता)। जिला की मंडी कालांवाली निवासी बलबीर सिंह की पत्नी सुखदीप कौर ने कालांवाली स्थित अपने निवास पर मीडिया से रूबरू होते हुए कालांवाली थाना पुलिस पर लवली एग्रो फैक्ट्री से पैसे लेकर झूठा मामला दर्ज करने का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत में सुखदीप कौर ने कहा कि उनके घर के पास लवली एग्रो फैक्ट्री बनी हुई है और उनके घर सहित पूरे क्षेत्र में आने वाला पानी इस फैक्ट्री के रसायनयुक्त पानी में मिलकर गंदे पानी की शक्ल ले लेता है, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण फैलता है। इस प्रदूषण की वजह कई गंभीर बीमारियों के फैलने से इंकार नहीं किया जा सकता। इस समस्या को लेकर बलबीर सिंह ने सीएम विंडों में शिकायत दी थी। आरोप है कि लवली एग्रो फैक्ट्री के संचालक जितेंद्र ने बलबीर पर इस मामले को दबाने की ऐवज में कालांवाली थाना में फिरौती का झूठा मामला दर्ज करवा दिया। महिला का कहना है कि उसने कई बार पुलिस के आलाधिकारियों से इस संबंध में गुहार लगाई, मगर कोई समाधान नहीं हुआ। फैक्ट्री संचालक जितेंद्र की ओर से निरंतर राजीनामे का भी दवाब बनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आरटीआई में मांगी गई सूचना अनुसार इस फैक्ट्री के पास कोई एनओसी नहीं है और आबादी वाले इस क्षेत्र में यह फैक्ट्री स्थापित की गई है, जोकि नियमों के विरूद्ध है। पीडि़त महिला ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कालांवाली पुलिस व इस फैक्ट्री की मिलीभगत ने उन्हें व उनके परिवार को भूखा मरने की कगार पर ला दिया है। अगर पुलिस प्रशासन इस संबंध में उनके साथ कोई न्याय नहीं करता है, तो वह अपने पूरे परिवार के साथ आत्महत्या कर लेगी, जिसकी जिम्मेदार कालांवाली पुलिस व लवली एग्रो फैक्ट्री होगी। कालांवाली थाना प्रभारी ने इस संबंध में बताया कि यह तमाम आरोप जो महिला की ओर से लगाए गए है, वह गलत व बेबुनियाद है। इस संबंध में लवली एग्रो फैक्ट्री संचालक जितेंद्र ने सभी आरोपों को गलत व निराधार बताते हुए कहा है कि यह आरोप उन्हें बदनाम करने के लिए लगाए गए है। फैक्ट्री एग्रीकल्चर लैंड पर स्थापित की गई है, जिसके लिए केंद्र सरकार से सीएलयू भी ली हुई है। एनओसी के लिए हरियाणा सरकार के पोर्टल पर अप्लाई किया हुआ है। हमने बलबीर पर  मुकद्दमा  तो दर्ज करवाया है, लेकिन वह झूठा नहीं है। हम पर लगाए गए तमाम आरोप गलत है।

Share this:

Post a Comment

 
Copyright © The Pressvarta Trust. Blog Templates Designed by OddThemes